मसूरी – दशहरे पर निकाली गई पुरूषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा।

मसूरी : अधर्म पर धर्म की जीत, अन्याय पर न्याय की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा पहाड़ों की रानी मसूरी में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर सनातन धर्म मंदिर मसूरी से भगवान पुरूषोत्तम श्री रामचद्र जी की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।
दशहरे का पर्व पहाड़ों की रानी मसूरी में धूमधाम से मनाया गया इस मौके पर लोगों ने घरों में पूजा अर्चना की व दुकानदारों ने दुकानों की साफ सफाई की। दशहरे के पर्व पर श्री सनातन धर्म मंदिर से भगवान श्रीराम की भव्य शोभा यात्रा बैंड बाजों के साथ निकाली गई। जो मलिंगार होते हुए लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलड़ी, मालरोड होते हुए गांधी चौक तक गई। जहां सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों के समक्ष बुराई पर सच्चाई की जीत पर लोगों ने जय श्रीराम का गगन भेदी उदघोष किया व भगवान श्री राम ने अपने तीर से रावण का दहन किया। जिसे देखने मसूरी व आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे जिसमें पर्यटक भी शामिल थे। शोभा यात्रा में भगवान पुरूषोत्तम राम दरबार, सहित शिव पार्वती, हनुमान, आदि की अनेक आकर्षक झांकियां थी। शोभायात्रा में सबसे अधिक भीड़ हनुमान के पीछे चल रही थी जो दुकानो से सामान उठाकर जनता के बीच फेंक रहा था। रास्ते भर लोगों ने घरों से शोभायात्रा में झांकियों पर हरियाली व पुष्प की वर्षा कर स्वागत किया।

इस मौके पर सनातन धर्म मंदिर समिति के महामंत्री नीरज अग्रवाल ने सभी को दशहरे के पर्व की बधाई दी वहीं कहा कि कोरोना काल के बाद इस बार दशहरे के जुलूस निकाले जाने पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया है। उन्होंने कहा कि पुरूषोत्तम श्रीराम नगर शोभा यात्रा बैंड बाजों के साथ निकाली जा रही है जिसमें राम दरबार सहित अनेक झांकियां है। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा का मुख्य आकर्षण हनुमान है जिसके पीछे बड़ी संख्या में जनता चलती है। उन्होने बताया कि हनुमान का किरदार निभाने वाले चंद्रभान 82 वर्ष की उम्र में भी शोभा यात्रा में हनुमान का किरदार निभाते है।

इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि दशहरे पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा में बडी संख्या में आसपास के ग्रामीण आते हैं जिससे मेले की रौनक बढ़ जाती है।

वहीं पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि बुराई पर सत्य की जीत का पर्व दशहरा बड़े उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि इस पर्व पर सभी को बुराई का त्याग कर सच्चाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

इस मौके पर श्री सनातन धर्म मदिर समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता महामंत्री नीरज अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, अनुज तायल, शरद गुप्ता, संदीप अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, अशोक मित्तल, केजी गोयल, राम दयाल गोयल, सहित बड़ी संख्या में मंदिर समिति के लोग मौजूद रहे।

शोभा यात्रा का श्री राधाकृष्ण मंदिर की ओर से कुलडी चौक पर स्वागत किया गया व भगवान श्री राम चंद्र की जी पूजा की गई व प्रसाद वितरित किया गया। वहीं गांधी चौक पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर की ओर से पूजा की गयी व प्रसाद वितरित किया गया। उसके बाद रावण का दहन किया गया। रावण दहन के बाद शोभा यात्रा लंढौर सनातन धर्म मंदिर वापस लौटी जहां भगवान श्री राम का विधिवत राजतिलक किया गया।

Spread the love
Pradesh News

Recent Posts