देहरादून के पॉश इलाके इंद्रानगर वार्ड 41 में मतपत्र लूटने के प्रयास का मामला सामने आया है। शोर मचाने पर मतदान केंद्र के बाहर जमकर हंगामा हुआ। किसी तरह मतपेटी को बचा लिया गया है। इस मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट, कांग्रेस प्रत्याशी पायल अरोड़ा बहल और निर्दलीय प्रत्याशी रीमा की ओर से वसंत विहार थाने में तहरीर दी गई है। वसंत विहार थाना पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से इस मामले में मतपत्र पेटी लूटने संबंधी वीडियो भी पुलिस को सौंपा गया है, जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी आशा भाटी व उनकी बेटी मतपेटी ले जाते दिख रहे हैं, हालांकि दैनिक जागरण इसकी पुष्टि नहीं करता है।
सामुदायिक भवन में हो रही थी वोटिंग
उत्तराखंड निकाय चुनाव को लेकर अन्य वार्डों की तरह वार्ड नंबर 41 के इंदिरा नगर स्थित शास्त्री नगर खाला के सामुदायिक भवन में वोटिंग चल रही थी। मतदान प्रक्रिया दिनभर सामान्य चलती रही। भाजपा-कांग्रेस सहित तमाम दलों के प्रत्याशी वहां मौजूद रहे। शाम पांच बजे के बाद भी मतदान केंद्र के भीतर मतदाताओं की भीड़ थी। देर रात तक मतदान चलता रहा।
रात 10 बजे संपन्न हुआ मतदान
रात करीब 10 बजे जब मतदान संपन्न हुआ तभी भाजपा-कांग्रेस समेत निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक मतदान केंद्र में जुट गए। पोलिंग पार्टियों ने मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटियां स्ट्रांग रूम भेजने के लिए तैयारी की और वाहनों में मतपेटियां ले जाने लगे। इसी दौरान कुछ प्रत्याशियों के समर्थक वहां पहुंच गए।
समर्थकों ने पोलिंग पार्टियों को घेरा
समर्थकों ने पोलिंग पार्टियों को घेर लिया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। यहां कुछ राजनीतिक दलों के समर्थकाें में कहासुनी हो गई और बात धक्का मुक्की तक पहुंच गई। इस बीच कुछ लोगों ने मतपेटी लूटने का प्रयास किया, जिसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।
वीडियो में मतपेटी ले जाती दिखीं निर्दलीय प्रत्याशी व बेटी
एक वीडियो में निर्दलीय प्रत्याशी आशा भाटी व उनकी बेटी को मतपेटी ले जाते हुए देखा जा रहा है। हालांकि प्रत्याशी आशा भाटी के पति ओमेंद्र भाटी ने इस घटना पर अपनी संलिप्तता से इंकार करते हुए कहा कि यह प्रकरण पूरी तरह से भाजपा व कांग्रेस के आपसी प्रतिद्वंदिता से प्रेरित था।
पुलिस से मामले की शिकायत
उधर, भाजपा के महानगर उपाध्यक्ष राजेंद्र ढिल्लों ने कहा कि मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मतपेटियों को स्ट्रांग रूम में भेजा जा रहा था तभी निर्दलीय प्रत्याशी आशा भाटी व उनके समर्थकों ने मतपेटी को लूटने का प्रयास किया। इसका कड़ा विरोध किया और पुलिस से शिकायत की गई।
जिम्मेदारों पर की जाएगी कार्रवाई
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिनभर से मतदान केंद्र के आसपास गाजियाबाद के वाहन मंडरा रहे थे। पुलिस प्रशासन ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि विवाद के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को उपलब्ध कराए गए साक्ष्य
वहीं वार्ड 41 के सेक्टर मजिस्ट्रेट अनुराग भंडारी ने बताया कि जिस समय निर्वाचन की टीम मतपेटी लेकर जा रही थी, उस समय कुछ असामाजिक तत्वों ने अवरोध पैदा किया और मतपेटी लूटने की सूचना मिली। इस मामले में पुलिस को तहरीर दे दी गई है। वहीं घटना संबंधी साक्ष्य भी उपलब्ध करा दिए गए हैं।
देहरादून/मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गर्मी से…
देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने डिजिटल ट्रैफिक प्रबंधन…
देहरादून। उत्तराखंड सरकार राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर…
देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में महिला स्वयं सहायता समूह आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम…
देहरादून। जल संकट की बढ़ती चुनौतियों के बीच देहरादून में जल संरक्षण को लेकर नए…
देहरादून। राजधानी देहरादून में बढ़ती वाहनों की संख्या के साथ पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर…