नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे से गरमाएगा चुनावी माहौल, BJP बनाएगी जीत की हैट्रिक की रणनीति

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति, पदाधिकारी और कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे.

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने संगठन और चुनावी रणनीति को धार देने की कवायद तेज कर दी है. इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 सितंबर को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे. अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कार्यसमिति, प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होंगे. इसके अलावा वह पूर्व सैनिक सम्मेलन और सिख गौरव सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे.

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को चुनावी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी जीत की रणनीति तैयार करने में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन निर्णायक भूमिका निभाएगा. 9 सितंबर को हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय प्रवास पर हल्द्वानी पहुंचकर रामपुर रोड स्थित होटल में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे.

इसके बाद उसी शाम प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी. इस बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, चुनावी तैयारियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी. पार्टी नेतृत्व की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे. भाजपा के लिए यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अब संगठनात्मक स्तर पर और अधिक गति देने की कोशिश की जा रही है.

10 सितंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम और भी महत्वपूर्ण रहेगा. नितिन नवीन सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक लेंगे. इसके बाद वह प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे. इस बैठक में राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार के कामकाज और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है. भाजपा नेतृत्व चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में लगातार बैठकें कर रहा है. ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाली कोर कमेटी की बैठक को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इसी दिन दोपहर में नितिन नवीन पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जबकि अपराह्न में सिख गौरव सम्मेलन में शामिल होकर सिख समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे.

राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा पार्टी के लिए गर्व और उत्साह का विषय है. प्रदेश कार्यसमिति और पदाधिकारियों को राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलना संगठन को नई दिशा देगा. आने वाले दिनों में प्रदेश विधानसभा चुनाव की दिशा में पार्टी निर्णायक तरीके से आगे बढ़ेगी और इसी को ध्यान में रखते हुए चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है. लगातार बैठकों के जरिए रणनीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है और राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश में आकर कार्यकर्ताओं और संगठन को मार्गदर्शन देना इस पूरी प्रक्रिया को और मजबूत करेगा.
-महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा-

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य 2027 में जीत की हैट्रिक लगाना है और इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन बेहद महत्वपूर्ण रहेगा. उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कामों को जनता के बीच लेकर जाने और उसके आधार पर चुनावी रणनीति तैयार करने की दिशा में पार्टी काम कर रही है. राष्ट्रीय अध्यक्ष का अनुभव और उनका मार्गदर्शन चुनावी रणनीति को और अधिक सटीक बनाने में मदद करेगा. उन्होंने भरोसा जताया कि संगठन की ताकत और सरकार के कामों के आधार पर भाजपा 2027 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेगी.

महेंद्र भट्ट ने यह भी बताया कि नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा दौरा होगा. इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम में उत्तराखंड आए थे. इस बार उनके दौरे में कुमाऊं क्षेत्र में संगठनात्मक संवाद और बैठकों का कार्यक्रम रखा गया है. हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर ग्रुप की बैठक के साथ पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े बड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं. ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह प्रवास संगठनात्मक तैयारियों के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठकों में जहां संगठन को चुनाव के लिए तैयार करने पर फोकस रहेगा, वहीं सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए पार्टी व्यापक सामाजिक संपर्क को भी मजबूत करने की कोशिश करेगी.

Spread the love
admin

Recent Posts