रामनगर में कार सवार युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. जिसके बाद पुलिस पड़ताल में जुट गई है.
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर में गुरुवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बालाजी मंदिर के पास कार सवार युवक पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में टेड़ा रोड लखनपुर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का इलाज फिलहाल काशीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है.
घटना सुबह करीब चार बजे की है, गोपू अधिकारी उर्फ गोपू अपनी वॉक्सवैगन विंटो कार संख्या UK06 AW 7879 से बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहे थे. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार को घेरकर उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने जो दृश्य देखा, उससे इलाके में सनसनी फैल गई. कार के शीशे टूटे हुए थे, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और अंदर-बाहर खून के निशान दिखाई दे रहे थे. मौके पर खून से सने पत्थर और ईंटें भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की,पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. वहीं फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है, जिसके मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए जा रहे है. घायल गोपू अधिकारी को पहले रामनगर के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें काशीपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
इधर कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना से पहले लखनपुर चुंगी के पास गोपू अधिकारी की कुछ युवकों से बहस हुई थी, इसके बाद बालाजी मंदिर के समीप हमला किए जाने की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है. कुछ लोगों द्वारा फायरिंग की बात भी कही जा रही है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है. परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-सुशील कुमार, कोतवाल-
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और घटना में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
Kia India ने अपनी 3-रो इलेक्ट्रिक MPV, Kia Carens Clavis EV के लिए लाइफटाइम बैटरी…
हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की छापेमारी में अनियमितताएं मिलने पर सख्त एक्शन…
योग गुरु स्वामी रामदेव ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी में अपने हाथ आजमाए.…
किशाऊ बांध परियोजना पर बनी सहमति के बाद उत्तराखंड के लिए जमीन उपलब्धता और पुनर्वास…
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने बताया है कि 22 जनवरी से जॉइंट एंट्रेंस एग्जाम मेन की…
अतिक्रमण के खिलाफ देहरादून प्रशासन एक्शन मोड पर आ गया है. साथ ही तत्काल अतिक्रमण…