ऋषिकेश में पुलिस शिकायत प्राधिकरण सदस्य के घर में चोरी, 36 मिनट बेखौफ घूमा चोर, गश्त पर उठे सवाल

राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य दयाशंकर पांडे के ऋषिकेश स्थित घर में देर रात चोरी की घटना सामने आई है

ऋषिकेश: देहरादून जिले का महत्वपूर्ण शहर और संतनगरी के नाम से प्रसिद्ध ऋषिकेश चोरों के निशाने पर है. राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य दयाशंकर पांडे के घर में देर रात चोरी की घटना  सामने आई है. बताया जा रहा है कि चोर रात करीब 2:45 बजे घर के अंदर दाखिल हुआ और करीब 3:21 बजे बाहर निकला. यानी लगभग 36 मिनट तक चोर घर के अंदर बेखौफ होकर घूमता रहा और अलग-अलग कमरों को खंगालता रहा.

पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य के घर में चोरी: दयाशंकर पांडे के मुताबिक चोर ने बेहद इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी ली. घटना का सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि चोर उस कमरे में भी करीब 10 मिनट तक मौजूद रहा, जहां उनकी बुजुर्ग माता सो रही थीं. पांडे के अनुसार उनकी माता के गले में सोने की चेन और हाथ में कंगन थे. ऐसे में यदि चोर उनकी माता पर किसी धारदार हथियार से हमला कर देता, तो चोरी की यह घटना बड़ी वारदात में बदल सकती थी.

36 मिनट तक घर के अंदर बेखौफ घूमता रहा चोर: घटना के बाद दयाशंकर पांडे ने पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि यदि क्षेत्र में पुलिस की नियमित और प्रभावी गश्त होती, तो संभव है कि चोर घर में दाखिल होने की हिम्मत नहीं करता. करीब 36 मिनट तक चोर का घर के भीतर रहना पुलिस की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.

एलपीजी सिलेंडर चोरी, अन्य सामान की जांच: फिलहाल घर से एक भरा हुआ एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि घर के अन्य सामान की भी जांच की जा रही है, जिसके बाद चोरी हुए सामान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस की नियमित गश्त पर उठे सवाल: इस घटना ने एक बार फिर रात के समय पुलिस गश्त और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि चोरी की वारदात ऐसे व्यक्ति के घर में हुई है, जो स्वयं राज्य पुलिस शिकायत प्राधिकरण के सदस्य हैं. ऐसे में आम लोगों के घरों की सुरक्षा और पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है.

सीसीटीवी फुटेज में दिखा चोर: अब पुलिस के सामने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के साथ ही यह भी स्पष्ट करने की चुनौती है कि रात के समय क्षेत्र में पुलिस की गश्त किस स्तर पर थी और चोर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक घर के अंदर कैसे मौजूद रहा.

पुलिस को घटना की जानकारी नहीं: वहीं इस मामले में ऋषिकेश वरिष्ठ उपनिक्षक नवीन जोशी से बात की गई तो उन्होंने इस मामले में अपनी अभिज्ञता जताई. उन्होंने कहा कि मामले का पता करता हूं. फिर आगे की जानकारी साझा करता हूं.

Spread the love
admin

Recent Posts