कोटद्वार में ‘मोहम्मद’ दीपक गिरफ्तार, उज्जैन का वीडियो शेयर किया, कमेंट आया तो व्यापारी को धमकाने का आरोप

कोटद्वार में मुस्लिम व्यापारी का बचाव कर सुर्खियों में आए दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जानिए पूरा मामला.

पौड़ी: देशभर में सुर्खियां बटोर चुके दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा कि दीपक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो पर व्यापारी ने कमेंट कर दिया. इससे मोहम्मद दीपक भड़क गए और मामले को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि दीपक ने व्यापारी के दुकान में घुसकर बदसलूकी की. व्यापारी ने मोहम्मद दीपक पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. जिसके बाद व्यापारी धरने पर बैठ गए. मामला बिगड़ता देख पुलिस ने ‘मोहम्मद’ दीपक को गिरफ्तार कर लिया.

बता दें कि कोटद्वार में सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है. उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने से जुड़े घटनाक्रम पर दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ दीपक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की थी. इसी पोस्ट पर एक व्यापारी ने कमेंट कर प्रतिक्रिया दी. जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई.

दीपक कुमार और व्यापारी के बीच हुई तीखी कहासुनी: विवाद से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दीपक कुमार

और व्यापारी के बीच तीखी कहासुनी होती दिखाई दे रही है. व्यापारी संजीव टांक ने मामले को लेकर कोटद्वार कोतवाली में तहरीर दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार को हिरासत में लेकर हवालात में रखा है. जिससे मामला फिर से गरमा गया है.

पौड़ी पुलिस के मुताबिक, मामले में कोतवाली कोटद्वार में धारा 351(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है. विवेचना के दौरान मिले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 196 एवं 115 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई. आरोपी दीपक उर्फ मोहम्मद दीपक को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है.

व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली परिसर में दिया धरना: उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया और महामंत्री नवीन गोयल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए. व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली परिसर में धरना शुरू कर दिया.

पुलिस के आश्वासन पर माने व्यापारी, धरना प्रदर्शन किया समाप्त: मामले की जानकारी मिलने पर कोटद्वार एएसपी मनोज ठाकुर भी कोतवाली पहुंचे. उन्होंने व्यापारियों को बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त किया. हालांकि, उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की.

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होंगे. पुलिस का कहना है कि मामले में शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Spread the love
admin

Recent Posts