राहुल और प्रियंका गांधी पर दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आकाशवाणी परिसर में बिना अनुमति घुसने पर FIR दर्ज

आकाशवाणी परिसर में दाखिल होने के बाद राहुल गांधी ने वहां से बाहर जाने से साफ इनकार कर दिया.

नई दिल्ली: नई दिल्ली के संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन (प्रसार भारती) परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने व निषेधाज्ञा (धारा 163 बीएनएसएस) का उल्लंघन करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं व सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. यह पूरा मामला 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन द्वारा संसद भवन से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक निकाले गए विरोध मार्च के दौरान हुए घटनाक्रम से जुड़ा हुआ है.

बिना अनुमति निकाला गया मार्च, तोड़ी बैरिकेडिंग
दिल्ली पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी में मुताबिक इंडिया गठबंधन द्वारा 6 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे संसद भवन से निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर मार्च निकालने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई थी. पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि इस प्रस्तावित मार्च के आयोजन की अनुमति हेतु नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त कार्यालय में कोई आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया था, जिसके चलते आयोजन की कोई आधिकारिक अनुमति भी नहीं दी गई थी.क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने व किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नई दिल्ली क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई थी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने सुबह करीब 10:30 बजे मार्च शुरू किया और पुलिस द्वारा लगाए गए पहले बैरिकेड को तोड़ते हुए नीति आयोग के निकट बने दूसरे बैरिकेड तक पहुंच गए. पुलिस द्वारा लाउडस्पीकर से बार-बार घोषणा कर धारा 163 BNSS का हवाला दिया गया और शांतिपूर्वक वापस लौटने की अपील की गई, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने निर्देशों का पालन नहीं किया.

आकाशवाणी भवन में जबरन प्रवेश पर कानूनी कार्रवाई
स्थिति को नियंत्रित करने व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने करीब 260 व्यक्तियों को निरुद्ध (हिरासत में) किया, जिनमें 10 सांसद भी शामिल थे. इन लोगों को दिल्ली के विभिन्न थानों में ले जाया गया. हालांकि, इसी बीच राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, मनीष छत्रथ और करीब 50 से 60 समर्थक बिना किसी वैध अनुमति के आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए और वहां बैठ गए. पुलिस को शिकायत मिली कि सुरक्षा घेरा तोड़कर व धारा 163 का उल्लंघन करते हुए परिसर में जबरन प्रवेश किया गया है, जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी व अन्य नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया.

9 घंटे तक चला धरना, देर रात पुलिस ने परिसर कराया खाली
आकाशवाणी परिसर में दाखिल होने के बाद राहुल गांधी ने वहां से बाहर जाने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने मांग रखी कि जब तक विपक्षी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को मुख्य निर्वाचन आयुक्त से मिलने का समय नहीं दिया जाता, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे. इसके बाद राहुल गांधी व प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता करीब 9 घंटे तक आकाशवाणी परिसर के अंदर धरने पर बैठे रहे.

देर रात करीब 10 बजे दिल्ली पुलिस ने परिसर से प्रदर्शनकारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की. इस दौरान राहुल गांधी व प्रियंका गांधी सहित अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइन ले जाया गया. पुलिस का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई कानून के अनुसार सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए की गई. पुलिस मामले में आगे की कानूनी जांच कर रही है.

Spread the love
admin

Recent Posts