विजय देवरकोंडा ने साल 2018 में फिल्म ‘गीता गोविंदम’ जैसी ब्लॉकबस्टर दी थी. इसके बाद तकरीबन ज्यादा फिल्में लगातार फ्लॉप साबित हुई हैं.
हैदराबाद: विजय देवरकोंडा अपनी अगली ऐतिहासिक पीरियड ड्रामा फिल्म ‘रणबाली’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं. फिल्म आगामी 16 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है. विजय इस फिल्म में अपनी स्टार वाइफ रश्मिका मंदाना के साथ लीड रोल में हैं. शादी के बाद इस रियल लाइफ कपल की यह साथ में पहली फिल्म है. नविवाहित जोड़े को उम्मीद है कि गीता गोविंदम की तरह इनकी यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस सफल साबित हो. रश्मिका के लिए ना सही, लेकिन विजय को अपने स्टारडम को संभाले रखने के लिए इस फिल्म का हिट होना जरूरी है. विजय बीते आठ साल से बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हो रहे हैं. साल 2018 के बाद से विजय के खाते में एक भी ब्लॉकबस्टर फिल्म नहीं आई है. ऐसे में रणबाली से विजय को अपना कमबैक करना होगा, क्योंकि उनके फिल्मी करियर के लिए यह बहुत जरूरी है.
इन स्टार्स का हुआ कमबैक, विजय का कब होगा?
2026 में कमबैक करने वाले अभिनेताओं में सूर्या, रवि तेजा और इमरान हाशमी जैसे नाम शामिल हैं. वहीं रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता ने उनके करियर को फिर से रफ्तार देने का एक और उदाहरण पेश किया है. बीते तीन-चार सालों में इंडियन सिनेमा के कई और एक्टर्स ने भी कमबैक किया है. इसमें (पठान से शाहरुख, गदर 2 से सनी देओल, एनिमल से बॉबी देओल और जेलर से रजनीकांत) का नाम शामिल है.
विजय के कमबैक में कहां है दिक्कत?
वहीं, विजय को लेकर एक सवाल उठ रहा है. क्या उनकी पब्लिक इमेज इतनी बोझ बन गई है कि दर्शकों का एक वर्ग उनकी फिल्मों को निष्पक्ष रूप से देखने से कतरा रहा है? क्योंकि रणाबली की कास्टिंग पर भी सवाल खड़े हो चुके हैं. हालांकि ऑनलाइन आलोचना में एक बड़ा वर्ग नहीं है, लेकिन एक्टर के कमबैक के लिए यह एक दुविधा जरूर बन सकता है.
अर्श से फर्श तक का सफर
थारुन भास्कर की फिल्म ‘पेल्ली चूपुलु ‘ (2016) ने उन्हें एक होनहार एक्टर के रूप में स्थापित किया. हालांकि, ‘अर्जुन रेड्डी’ (2017) ने उन्हें स्टार बना दिया.इस अर्जुन रेड्डी की कहानी और किरदार ने दर्शकों को अंदर से हिलाकर रख दिया था. इस फिल्म की बदौलत ही विजय को इंडियन सिनेमा में पहचान मिली.
इसके बाद विजय ने पत्नी रश्मिका मंदाना संग गीता गोविंदम (2018) की जो उनकी पिछली ब्लॉकबस्टर है. उसी साल रिलीज हुई टैक्सीवाला ने भी विजय की सफलता में एक और कदम आगे बढ़ाया. दिलचस्प बात यह है कि दोनों फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही ऑनलाइन लीक हो गई थीं. फिर भी दर्शक सिनेमाघरों में पहुंचे. उनकी सफलता से पता चलता है कि विजय ने सिर्फ स्टारडम के पुराने तरीकों पर निर्भर रहने के बजाय अपनी दमदार मौजूदगी और फिल्मों के चयन से भी दर्शकों को अपना फैन बनाया है. टैक्सीवाला के बाद विजय की करियर की गाड़ी में ऐसा ब्रेक लगा, जो आज तक ठीक नहीं हो पाया है.
क्या आत्मविश्वास बनी समस्या?
बता दें, रणबाली के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर विजय ने अपने इर्द-गिर्द फैली नकारात्मकता पर बात की. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उन्हें सपने देखना छोड़ देना चाहिए, क्योंकि कुछ लोग उनकी मेहनत को बेकार समझते हैं या क्या उन्हें आत्मविश्वास छोड़ देना चाहिए, क्योंकि दूसरे इसे अहंकार समझते हैं. उन्होंने यह भी पूछा कि अगर लोग उनके सफर को स्वीकार नहीं करते तो क्या उन्हें बस घर पर बैठे रहना चाहिए? उनकी निराशा स्वाभाविक थी, लेकिन इससे समस्या ही हुई.
लंबा चला फ्लॉप का सिलसिला
विजय के करियर में निर्णायक मोड़ सिर्फ उनकी कुछ फिल्मों का फ्लॉप होना नहीं था. हर अभिनेता को असफलताओं का सामना करना पड़ता है. असल समस्या उनकी महत्वाकांक्षाओं और उनके सबसे सफल प्रोजेक्ट्स से मिले परिणामों के बीच बढ़ता अंतर था.
डियर कॉमरेड (2019) में विजय ने एक बार फिर दमदार अभिनय किया, लेकिन यह फिल्म गीता गोविंदम की तरह कमर्शियली हिट नहीं हुई. विजय ने वर्ल्ड फेमस लवर (2020), लाइगर (2022), खुशी (2023), द फैमिली स्टार (2024) और किंगडम (2025) फ्लॉप फिल्मों की झड़ी लगा दी.
क्या रणबाली बचा सकता है स्टारडम?
राहुल सांकृत्यान ने फिल्म रणबाली का निर्देशन किया है. फिल्म की कहानी 1876-78 के मद्रास के भीषण अकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित है और औपनिवेशिक शोषण, भूख और प्रतिरोध को पेश करती है. विजय एक ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाते दिखेंगे, जिसका सफर उसे ब्रिटिश सत्ता से प्रभावित दुनिया से विद्रोह की ओर ले जाती है. रश्मिका उनकी पत्नी, जयम्मा की भूमिका में दिखेंगी, जबकि अर्नोल्ड वोस्लू खलनायक, सर थियोडोर हेक्टर के रूप में नजर आने वाले हैं.
फिल्म बडे़ पैमाने पर बनाई गई है, लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि भव्य सेट के साथ बनी फिल्में हिट ही होंगी. दर्शक क्रिएशन (प्रोडक्शन) पर कम पर कंटेंट पर ज्यादा जोर दे रहे हैं. रणबाली विजय के लिए किसी अग्नी परीक्षा से कम नहीं है. विजय ने इस फिल्म की पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा रखी है.
‘जेलर 2’ से है मुकाबला
साल 2023 में रजनीकांत ने फिल्म जेलर से बड़ा धमाका किया था. जेलर ने 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था. तीन साल बाद जेलर का सीक्वल आ रहा है. रजनीकांत एक बार फिर अपने रिटायर्ड जेलर ‘टाइगर’ मुथुवेल पांडियन’ के रोल में दिखेंगे, जिसने दर्शकों को खूब आकर्षित किया था. जेलर 2 आगामी 15 अक्टूबर और रणाबली 16 अक्टूबर को रिलीज होगी. जेलर 2 के दर्शक पहले से तैयार हैं और रणबाली को दर्शक जुटाने होंगे. कुल मिलाकर विजय की फिल्म को ही थिएटर में कोई करिश्मा करना होगा.
पूर्व मेजर जनरल सम्मी सबरवाल ने कहा- राजनीतिक विरोधियों पर हमला अलग बात, सेना-सुरक्षा एजेंसियों…
ट्रैफिक नियमों का पालन कराने और हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग लगातार कार्रवाई…
उत्तराखंड में धामी सरकार दायित्वों का पिटारा लगातार खोल रही है. वहीं दायित्वधारियों को चुनाव…
सिवनी से दूसरे नेता ढाल सिंह बिसेन को मिला महामहिम की कुर्सी तक पहुंचने का…
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार में कैबिनेट की बैठक पहली…
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कप्तान आयुष देसवाल ने 78 रन बनाए, आकाश ने 4 विकेट…