12 हजार वर्ग मीटर में फैले इस परिसर में तिमंजिला कोठी, गेस्ट हाउस और स्वीमिंग पूल समेत कई निर्माण हैं. रिपोर्ट- भीम मनोहर, बरेली.
बरेली/देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े विवादों के बीच बरेली के लालपुर गांव स्थित आलीशान फार्म हाउस भी चर्चा में आ गया है. बरेली विकास प्राधिकरण की जांच में फार्म हाउस का मानचित्र स्वीकृत नहीं होने की बात सामने आई है. करीब 12 हजार वर्ग मीटर में फैले इस परिसर में एक तीन मंजिला कोठी, गेस्ट हाउस और स्वीमिंग पूल समेत कई निर्माण बताए जा रहे हैं. प्राधिकरण की टीम जमीन के स्वामित्व और निर्माण से संबंधित अभिलेखों की जांच कर रही है.
वायरल वीडियो के बाद चर्चा में मामला: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और बरेली निवासी पप्पू गिरधारी उर्फ गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद के बाद यह मामला सुर्खियों में है. मंत्री से जुड़े वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. वहीं, विपक्षी दलों ने रेखा आर्या पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं. इसी बीच लालपुर स्थित फार्म हाउस के निर्माण और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच ने मामले को फिर चर्चा में ला दिया है.
2024 में कंपाउंडिंग के लिए किया गया था आवेदन: बीडीए की जांच के मुताबिक इज्जतनगर क्षेत्र के लालपुर गांव में स्थित फार्म हाउस का मानचित्र स्वीकृत नहीं है. वर्ष 2024 में पप्पू गिरधारी के करीबी सत्येंद्र राठौर की ओर से निर्माण की कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था. हालांकि, निर्धारित शुल्क जमा नहीं किया गया. ऐसे में कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. अब प्राधिकरण की टीम निर्माण और जमीन से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है.
अलग-अलग गाटा संख्या में दर्ज है जमीन: फार्म हाउस परिसर की जमीन अलग-अलग गाटा संख्या में विभिन्न लोगों के नाम पर दर्ज हैं. बीडीए से उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नाम पर 3300 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा दर्ज है. वहीं, अन्य गाटा संख्या की जमीन कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम पर दर्ज बताई गई है. इस कंपनी में शेयरधारिता से संबंधित जानकारी का उल्लेख रेखा आर्या के चुनावी हलफनामों में होने की बात भी सामने आई है.
बीडीए अधिकारी ने की पुष्टि: बीडीए के विशेष कार्याधिकारी अजीत सिंह ने मीडिया को बताया है कि-
लालपुर में बने फार्म हाउस का मानचित्र स्वीकृत नहीं है. परिसर में कई गाटा संख्या की जमीन अलग-अलग लोगों के नाम पर दर्ज है. रेखा आर्या के नाम पर 3300 वर्ग मीटर भूमि दर्ज होने के साथ ही कुछ जमीन कृष्णा वैष्णवी इंटरप्राइजेज के नाम पर भी है. प्राधिकरण की ओर से संबंधित अभिलेखों की जांच की जा रही है.
-अजीत सिंह, विशेष कार्याधिकारी, बरेली विकास प्राधिकरण-
बीडीए यानी बरेली विकास प्राधिकरण के सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया कि-
बीडीए में वर्ष 2024 में एक फाइल कंपाउंडिंग के लिए अपलाई की गई थी. इस बीच कोर्ट की सख्ती से कुछ नए नियम कानून आए. लेकिन पार्टी ने इस मामले में कोई रुचि नहीं ली. इसके बाद जनवरी 2026 में बीडीए द्वारा एक नोटिस कमी पूरी करने के लिए दिया गया. फिर सितंबर 2026 में एक नोटिस भी दिया गया. इस बीच पार्टी द्वारा तीन महीने का समय मांगा गया, लेकिन फिर भी पार्टी द्वारा उन कमियों को दूर नहीं कराया गया. फिलहाल मामले में कार्रवाई जारी है. इसके बाद भी जबाव नहीं मिलता है तो बीडीए अपने नियम और कानून का पालन करते हुए कार्रवाई करेगा.
-हिमांशु गुप्ता, सचिव, बीडीए-
बीडीए सचिव ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट कि इस कोठी का मानचित्र स्वीकृत नहीं है.
जांच के नतीजों पर टिकी नजर: फिलहाल, फार्म हाउस के निर्माण, मानचित्र की स्थिति, कंपाउंडिंग के लिए किए गए आवेदन और जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही बीडीए की ओर से आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी. वायरल वीडियो और विपक्ष के आरोपों के बीच इस मामले पर राजनीतिक और सार्वजनिक हलकों की नजर बनी हुई है.
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का मामला क्या है? उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच पारिवारिक विवाद, मारपीट, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश के गंभीर आरोप-प्रत्यारोप का मामला चर्चा में है. रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि पति गिरधारी ने पहली शादी छुपाकर उनसे धोखे से विवाह किया, मारपीट व मानसिक उत्पीड़न किया. साथ ही फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनियों के निदेशक पद से हटाया. मंत्री ने कथित ऑडियो साझा कर दावा किया कि उनके पति व अन्य द्वारा उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है.
Apple पहले से ही अगले फोल्डेबल मॉडल के प्रोटोटाइप टेस्ट कर रही है जिसमें बाहरी…
जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. सितारगंज हाईवे…
उत्तराखंड में तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालकर जनता तक पहुंच बनाने की…
उत्तराखंड के चार पर्वतीय जिलों के 16 ब्लॉकों में करीब 500 करोड़ रुपये के जायका…
केंद्रीय मंत्री वैष्णव का कहना है कि भारत अगले दो साल में खुद अपने डिजाइन,…
मुंबई के यात्रियों को लेकर हेलीकॉप्टर सहस्त्रधारा से गुप्तकाशी जा रहा था, पायलट ने जांच-पड़ताल…