आज पास होगा अनुपूरक बजट, मंत्री रेखा आर्या और भरत चौधरी से होंगे सवाल, उठ सकता है अंकिता हत्याकांड का मुद्दा

बुधवार को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी. दिन की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जो करीब सवा घंटे तक चलेगा

गैरसैंण: भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र का आज दूसरा दिन है. आज प्रश्नकाल में विधायकों के सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा. वहीं, विपक्ष अंकिता भंडारी प्रकरण और प्रदेश की कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाकर सरकार को घेरने की तैयारी में है. मंत्री रेखा आर्या और भरत चौधरी को विधायकों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ सकता है.

विधानसभा सत्र का दूसरा दिन: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के दूसरे दिन बुधवार को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी. दिन की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जो करीब सवा घंटे तक चलेगा. इस दौरान विधायक, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के खेल, ईवीएम, युवा कल्याण, खाद्य आपूर्ति और महिला कल्याण के, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी के ग्राम्य विकास विभाग से जुड़े सवाल उठाएंगे और संबंधित मंत्रियों से जवाब मांगेंगे.

कार्यवाही का दूसरा दिन काफी अहम: प्रश्नकाल के बाद सदन में अन्य विधायी कार्यवाही आगे बढ़ेगी. आज का दिन सरकार और विपक्ष, दोनों के लिहाज से अहम रहने वाला है. एक ओर सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी, वहीं दूसरी ओर विपक्ष अंकिता भंडारी प्रकरण और प्रदेश की कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को उठाकर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है. विपक्ष इन मुद्दों को नियम 300 के तहत सदन में उठाएगा. ऐसे में आज सदन में सवाल-जवाब के साथ राजनीतिक बहस भी तेज होने की संभावना है.

सवा घंटे चलेगा प्रश्नकाल, विधायकों के सवालों पर सरकार से जवाब तलब: बुधवार को सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होते ही प्रश्नकाल होगा. करीब सवा घंटे तक चलने वाले इस सत्र में विधायक अपने क्षेत्रों और प्रदेश से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे. प्रश्नकाल विधानसभा की कार्यवाही का अहम हिस्सा होता है, क्योंकि इसके जरिए विधायक विभागीय योजनाओं, सरकारी फैसलों, जनसमस्याओं और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े सवाल सदन में उठाते हैं. संबंधित मंत्रियों को इन सवालों का जवाब देना होता है. ऐसे में आज भी विभिन्न विभागों के कामकाज और सरकार की योजनाओं को लेकर सवाल-जवाब देखने को मिलेंगे. प्रश्नकाल के दौरान उठने वाले मुद्दों से यह भी साफ होगा कि विधायकों की प्राथमिकताओं में इस समय कौन-कौन से विषय शामिल हैं और सरकार उन पर क्या जवाब देती है.

अंकिता भंडारी प्रकरण पर विपक्ष उठाएगा सवाल: विधानसभा सत्र के दूसरे दिन अंकिता भंडारी प्रकरण भी सदन में राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन सकता है. विपक्ष इस मामले को नियम 300 के तहत उठाने की तैयारी में है. अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड में लंबे समय से संवेदनशील और चर्चित मुद्दा रहा है. इस मामले को लेकर समय-समय पर राजनीतिक बयानबाजी होती रही है और विपक्ष सरकार से जवाब मांगता रहा है. अब विधानसभा सत्र के दौरान इस मुद्दे को उठाने की तैयारी के बीच सदन में एक बार फिर इस पर चर्चा की संभावना है. विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार का पक्ष जानना चाहेगा, वहीं सरकार की ओर से इस पर क्या जवाब दिया जाता है, इस पर भी नजर रहेगी. हालांकि, सदन में चर्चा का वास्तविक स्वरूप और सरकार का जवाब कार्यवाही के दौरान ही स्पष्ट होगा.

कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सरकार को घेरने की तैयारी: अंकिता भंडारी प्रकरण के साथ विपक्ष प्रदेश की कानून व्यवस्था का मुद्दा भी सदन में उठाएगा. नियम 300 के तहत इस विषय को उठाने की तैयारी है. कानून व्यवस्था ऐसा मुद्दा है, जिस पर विपक्ष सरकार की जवाबदेही तय करने की कोशिश करेगा. विपक्ष की ओर से इस विषय को उठाए जाने के बाद सरकार के सामने सदन में अपना पक्ष रखने की चुनौती रहेगी. प्रदेश में सुरक्षा, अपराध और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों पर राजनीतिक बहस होने की संभावना है. ऐसे में आज की कार्यवाही में विपक्ष का रुख और सरकार की प्रतिक्रिया महत्वपूर्ण रहेगी. प्रश्नकाल में विधायकों के सवालों के बाद इन मुद्दों पर होने वाली चर्चा सदन के राजनीतिक माहौल को प्रभावित कर सकती है.

अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान भी आज: राजनीतिक मुद्दों के साथ आज सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 की अनुपूरक अनुदान मांगों पर चर्चा और मतदान होना है. मंगलवार को सरकार ने अनुपूरक बजट की मांगें सदन में पेश की थीं. अब बुधवार को इन मांगों पर चर्चा के बाद मतदान कराया जाएगा. कार्यसूची में अलग-अलग विभागों के लिए अतिरिक्त धनराशि की मांगों का विवरण शामिल है. इनमें वित्त, गृह, शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पेयजल, लोक निर्माण, परिवहन, कृषि, पर्यटन, वन, पशुपालन और समाज कल्याण समेत कई विभाग शामिल हैं. अनुपूरक बजट के जरिए सरकार चालू वित्तीय वर्ष में पहले से स्वीकृत बजट के अतिरिक्त जरूरी खर्चों के लिए सदन से मंजूरी मांगती है. इसके बाद उत्तराखंड विनियोग विधेयक, 2026 को पुनर्स्थापित करने, उस पर विचार करने और पारित करने की कार्यवाही भी प्रस्तावित है.

नौ अन्य विधेयक भी होंगे पास: बुधवार की कार्यसूची में अनुपूरक बजट से जुड़े विनियोग विधेयक के अलावा नौ अन्य विधेयकों पर चर्चा और आगे की विधायी प्रक्रिया भी शामिल है. इनमें सिंचाई जल निकासी विधेयक, राजकोषीय उत्तरदायित्व और बजट प्रबंधन संशोधन विधेयक, निवेश और आधारिक संरचना विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक हैं. इनके अलावा जन विश्वास द्वितीय संशोधन विधेयक, अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक, सिविल विधि संशोधन विधेयक, अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, माल और सेवा कर संशोधन विधेयक और निजी विश्वविद्यालय द्वितीय संशोधन विधेयक शामिल हैं। कार्यसूची के मुताबिक, इन विधेयकों पर विचार करने और पारित करने की प्रक्रिया के लिए समय निर्धारित किया गया है.

Spread the love
admin

Recent Posts