मसूरी : अभी मानसून भी नहीं आया लेकिन तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सड़कों पर मलवा आने से आने जाने वाले वाहनों को खासी परेशानियां हो रही है। लेकिन लोक निर्माण विभाग व नगर पालिका की नींद अभी नहीं खुल पा रही है।
पर्यटन नगरी मसूरी में बरसात शुरू होने से पहले ही परेशानियों का पहाड़ टूटने लगा है। सड़कों पर अवैध निर्माण का मलवा व विगत दिनों पेयजल निगम के द्वारा पेयजल लाइन खोदने का मलवा आने से आने जाने वाले वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है लेकिन न ही नगर पालिका, पेयजल निर्माण निगम, एनएच व लोक निर्माण विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। इस संबंध में भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि यह विभागों की लापरवाही का परिणाम हैै क्यो कि मसूरी में हो रहे अवैध निर्माण कार्यो, पेयजल निगम द्वारा किए जा रहे कार्याे, का मलवा पहाड़ियों पर डाला गया है जो बरसात होने पर सड़कों पर आ रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल निगम यमुना पेयजल योजना के तहत पानी की लाइनें बिछाने का कार्य आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी ने पेटी के ठेकेदारों से करवाया जिन्होंने मलवा डंपिंग जोन न होने पर पहाडियों में डाल दिया। जो घोर लापरवाही है। उन्होंने यह भी कहा कि मसूरी में भवन निर्माण का मलवा भी जगह जगह पहाड़ियों पर डाला गया जो बरसात होने पर सड़कों पर आ रहा है, जबकि बरसात से पहले ही एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल ने लोक निर्माण विभाग, एनएच, पेयजल निर्माण निगम, नगर पालिका के अधिकारियों को बुलाकर नाले खालों को खोलने के लिए कहा गया था लेकिन किसी न भी इसे गंभीरता से नहीं लिया जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं कहा कि एक नाला पालिका ने मसूरी गर्ल्स के समीप बनाया जिसे सड़क पर खोल दिया गया है वह पानी आगे कहां जायेगा उसका पता नहीं। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि वे शीघ्र नालों खालों को खोलने का कार्य करें ताकि बरसात में किसी को परेशानी न हो।