नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस ने रैली का आयोजन किया।

मसूरी : नगर पालिका चुनाव में प्रचार बंद होने के अंतिम दिन कांग्रेस ने रैली निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। पुराने टिहरी बस स्टैण्ड से पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ रैली निकाली गयी जो मालरोड होते हुए गांधी चौक पहुंची जहां सभा की गई। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष पद प्रत्याशी मंजू भंडारी सहित सभासदों को जिताने का आहवान किया गया।
कांग्रेस से नगर पालिकाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रही मंजू भंडारी के समर्थन में रैली का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया व कांग्रेस के समर्थन में नारेबाजी करते हुए गांधी चौक तक गये। गांधी चौक में सभा का आयोजन किया गया जिसमें बोलते हुए पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने भाजपा पर प्रहार किया व कहा कि जो मुख्यमंत्री खटीमा में अपना चुनाव नहीं जीत सका वह मसूरी में भाजपा को कैसे जिताएगा। उन्होंने कहाकि भाजपा हर मोर्चे पर फेल हो गयी। उन्होंने जनता का आहवान किया कि कांग्रेस को अध्यक्ष व सभासद पद पर जिताएं। मसूरी की जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया। उन्होंने कहा कि जब डबल इंजन फेल हो गया तो मसूरी में आकर मुख्यमंत्री तीसरे इंजन की बात करते है जो तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहली बार पूरे प्रदेश में एकजुट होकर कार्य कर रही है व प्रदेश में कांग्रेस जीतेगी।
इस मौके पर सोनिया आनंद रावत ने कहा कि मसूरी में मंजू भंडारी को भारी बहुमत से जिताए, ताकि मसूरी में भ्रष्टाचार समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि मसूरी में जिस तरह भ्रष्टाचार किया गया उससे जनता वाकिफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एकजुट होकर इस चुनाव में कार्य किया व अंकिता भंडारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं के सम्मान का सवाल है, मसूरी की जनता पीड़ित है जिसने मंजू भंडारी को जिताने का निश्चय कर लिया है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री गोदावरी थापली, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोंहन सिंह मल्ल, अध्यक्ष पद प्रत्याशी मंजू भंडारी ने भी सभा को संबोधित किया व कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आहवान किया। अंत में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने सभी का धन्यवाद किया व कहा कि जिस तरह से जनता ने रैली में भागीदारी की जिससे साफ हो गया है कि चुनाव कांग्रेस जीतेगी व नगर पालिका में बोर्ड बनायेगी।
इस मौके पर उपेंद्र थापली, विरेंद्र रावत, भगवान सिंह धनाई, सहित सभी सभासद पद प्रत्याशी व कांग्रेस कार्यकर्ता व मंजू भंडारी समर्थक मौजूद रहे।