माघ पूर्णिमा पर भगवान शंकर आश्रम ने 16 निर्धन परिवारों को किया राशन वितरित।

मसूरी : देवभूमि अवस्थित आर्यम इंटरनेशनल फाउंडेशन के तत्त्वावधान में संचालित भगवान शंकर आश्रम द्वारा घोषित माँ अन्नपूर्णा भंडारा कार्ड योजना के अन्तर्गत माघ पूर्णिमा रवि पुष्य नक्षत्र की शुभ वेला में अग्निहोत्रम सम्पन्न हुआ। इसके बाद क्षेत्र के अतिनिर्धन और वंचित 16 परिवारों को फरवरी माह का निःशुल्क मासिक घरेलू राशन वितरित किया गया।
आश्रम की अधिशासी प्रवक्ता माँ यामिनी श्री के अनुसार ट्रस्ट के अध्यक्ष और आश्रम के मुख्य अधिष्ठाता परमप्रज्ञ जगतगुरु प्रोफेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम जी महाराज के निर्णय के अनुसार आश्रम द्वारा समग्र मानवता के कल्याण हेतु यह अभियान गत दो वर्ष से संचालित है। जिसके तहत राशन के साथ ही भंडारा यज्ञ के अन्तर्गत गर्म वस्त्र और दवाइयाँ भी वितरित की गईं। आश्रम द्वारा संचालित मुफ्त भंडारा कार्ड योजना के अंतर्गत फरवरी माह का राशन 16 परिवारों को वितरित किया गया। इस सामग्री में सभी वस्तुओं की गुणवत्ता का भी ध्यान रखा जाता है। इन वस्तुओं में 15 किलो गेहूँ का आटा, 10 किलो चावल, 5 किलो चीनी, दो किलो काला चना, दो लीटर सरसों का तेल, चायपत्ती, धनिया पावडर, लाल मिर्च, पिसी हल्दी प्रत्येक 250 ग्राम, एक किलो नमक आदि प्रदान किया जाता है। अति निर्बल, बीमार और आने में असमर्थ परिवारों को राशन उनके घरों पर भी पहुँचाया जाता है। बच्चों द्वारा त्याग दिए गए वृद्ध व्यक्तियों ,निराश्रित विधवाओं, बेसहारों के अपंग, बीमार और अत्यंत निर्धन व्यक्तियों के लिए यह भंडारा कार्ड योजना आश्रम की तरफ से संचालित है जिसे शीघ्र ही अन्य अनेक स्थानों तक विस्तारित किया जाएगा। राशन वितरण उत्सव में ज्ञानोदय वाटिका प्रमुख अविनाश सिंह अलग, आश्रम प्रबंधन समिति की ओर से माँ यामिनी श्री, अश्विनी कुमार, मनदीप ,प्रीतेश, अजय त्यागी, जितेंद्र कुमार, रेनू शर्मा, किशोर कुमार, हर्षु श्री आदि का योगदान रहा।