मंत्री सुबोध उनियाल ने गाजियाबाद में आयोजित उत्तरैणी मकरऐणी कौथिग में प्रवासी समुदाय से राज्य के विकास में योगदान का किया आह्वान।

गाजियाबाद/देहरादून : उत्तराखंड राज्य में भाषा, निर्वाचन, तकनीकी शिक्षा एवं वन विभाग के कआबईनआ मंत्री सुबोध उनियाल आज गाजियाबाद में उत्तराखंड जन-कल्याण समिति, इन्द्रप्रस्थ (पंजी0) द्वारा आयोजित उत्तरैणी मकरऐणी कौथिग-2024 में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने उपस्थित प्रवासी समाज के अपनी जड़ों से जुड़े रहने की इस पहल की ज़ोरदार सराहना करते हुए आयोजन संस्था की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। राज्य के धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या हमारे सार्वभौमिक प्रयास का प्रतिफल हैं। उन्होंने प्रवासी समुदाय को राज्य के विकास में योगदान का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित विशाल जन-समुदाय के समक्ष संस्था की स्मारिका – 2024 “उत्तरायण” का मंत्री उनियाल के कर कमलों से विमोचन हुआ। आयोजन संस्था ने विभिन्न भाषाओं की तर्ज़ पर उत्तराखंड राज्य की भाषाओं के उत्थान व राज्य की संस्कृति को स्थानीय बोली -भाषा में सम्पूर्णता तक स्थापित करने की मांग दोहराई।
आयोजन संस्था द्वारा इस अवसर पर मंत्री उनियाल का अभिनन्दन कर उनकी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर आयोजन संस्था के अध्यक्ष जितेन्द्र देवलियाल को मंत्री सुबोध उनियाल के कर-कमलों से सम्मानित किया गया व एक सफल कार्यक्रम के लिए उन्हें व आयोजन समिति की सराहना की गई। उत्तराखंड मूल की रामेश्वरी ‘नादान’ को बाल कहानी संग्रह की उनकी कृति “दादी मां की पोटली” के लिए सम्मानित किया गया।
भाषा संरक्षण व इसके निरन्तर उत्थान के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए मंत्री उनियाल ने कहा कि इस दिशा में रचनात्मक सहयोग एवं सुझावों का सदैव स्वागत है।