बारिश के बीच निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा।
मसूरी : मधुबन आश्रम ऋषिकेश के तत्वाधान में पर्यटन नगरी मसूरी में भारी वर्षा की बीच भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन कर प्रतिभाग किया वहीं रास्ते में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत अल्पाहार के साथ किया गया।
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पर्यटन नगरी में दूसरी बार मधुबन आश्रम ऋषिकेश के तत्वाधान में निकाली गई। इससे पहले श्री सनातन धर्म मंदिर लंढौर में पूजा अर्चना की गई व प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद श्री सनातन धर्म मंदिर से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई जो लंढौर बाजार, घंटाघर, कुलडी बाजार, मालरोड, शहीद स्थल होते हुए गांधी चौक तक गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भारी वर्षा के बावजूद प्रतिभाग किया व श्रद्धा के आगे बारिश का कोई असर नजर नहीं आया जबकि श्रद्धालु नंगे पैर भजन कीर्तन करते, रथ का रस्सा खींचते व नाचते हुए चलते रहे। रथ यात्रा का स्थान स्थान पर स्वागत किया गया व श्रद्धालुओं ने फूलों व गुलाब की पंखडियां बरसा कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। वहीं रास्ते में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत अल्पाहार व प्रसाद वितरण के साथ किया गया। यात्रा गांधी चौक पहुंचने के बाद श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर गई जहां पर इसका पूजा अर्चना के बाद समापन किया गया। इस मौके पर मधुबन आश्रम ऋषिकेश के स्वामी परमानंद दास ने कहा कि उन्होंने कहा कि संसार में सभी दुःखी है लेकिन जो हरि के दास हैं वहीं सुखी है, उनकी सेवा करता है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ अपने मंदिर से निकल कर पूरे विश्व में शहर शहर घूमते है व श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं। उन्होंने कहा कि जो भगवान के दर्शन करता है उसकी यात्रा में रस्सा खींचता है, कीर्तन करता है व कानों से हरिनाम सुनता है उनके सभी पाप, दुःख दर्द, संताप नष्ट होते हैं व आनंद की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहाकि यह भगवान जगन्नाथ का ही प्रताप है कि बारिश के बावजूद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल है, इसका उददेश्य है कि हर किसी के दुख दर्द कम कर आनंद की अनुभूति की जाय। यात्रा में शामिल होने वालों का जीवन सार्थक हो जाता है। इस मौके पर हर्ष कुमार सहित सनातन धर्म मंदिर के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, मंत्री नीरज अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, अनुज तायल, वैभव तायल, राजेश कुमार सक्सेना, प्रमिला नेगी, राधा आनंद, सहित ऋषिकेश से आये श्रद्धालु मौजूद रहे।
यात्रा के दौरान घंटाघर क्षेत्र में लगा जाम
भगवान जगन्नाथ यात्रा के दौरान लंढौर बाजार क्षेत्र में जाम लग गया जिसके कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम के लिए पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाये गये क्यों कि लंढौर में एक मार्गीय यातायात व्यवस्था है लेकिन जो वाहन साउथ रोड से एक मार्गीय यातायात के तहत आ रहे थे उन्हें घंटाघर से कुलड़ी की ओर जाना पड़ता है, लेकिन पुलिस ने रथ यात्रा के दौरान इसी मार्ग से लंढौर की ओर जाने वाले वाहनों को रवाना किया जिसके कारण जाम लग गया। जबकि पुलिस को सिविलरोड से वाहनों को भेजना चाहिए था। जाम के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा व लंबे समय तक जाम में फंसने को मजबूर होना पड़ा।
