Uttarakhand Police: मित्र पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर, सीएम धामी ने बताया गौरव का पल, डीजीपी को दी बधाई
डीजीपी दीपम सेठ ने मुख्यमंत्री से भेंट कर इस सम्मान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षण केवल एक उपलिब्ध का नहीं बल्कि गौरव, परंपरा और अदम्य सेवा भावना का जीवंत प्रमाण है।उत्तराखंड की मित्र पुलिस को बेहतर पुलिसिंग के लिए राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किया गया है।
साइबर अपराध नियंत्रण की कसौटी पर भी मित्र पुलिस को परखा गया है। राष्ट्रपति पुलिस कलर को निशान भी कहा जाता है। यह सम्मान एक बैज के रूप में पुलिस बल के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी वर्दी पर धारण करते हैं। बता दें कि यह सम्मान उन पुलिस बलों को दिया जाता है जो कम से कम 15 वर्ष पुराने हों।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के मिलने से उत्तराखंड पुलिस के मनोबल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “मित्र पुलिस” की अवधारणा को साकार करने में उत्तराखंड पुलिस ने जिस समर्पण और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सम्मान पुलिस बल को भविष्य में और अधिक बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
डीजीपी दीपम सेठ ने भी इस अवसर पर प्रदेश पुलिस के सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की कड़ी मेहनत, अनुशासन और जनता के प्रति उनकी जिम्मेदारी का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से उन पुलिसकर्मियों का उल्लेख किया जो विषम परिस्थितियों में भी दिन-रात ड्यूटी कर जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
उत्तराखंड पुलिस ने पिछले कुछ वर्षों में आपदा प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर नियंत्रण के क्षेत्र में कई सराहनीय कदम उठाए हैं। इसके साथ ही तकनीकी नवाचारों के माध्यम से पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में भी लगातार प्रयास किए गए हैं।
यह सम्मान न केवल पुलिस विभाग के लिए बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है। इससे प्रदेश की छवि राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है तथा अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणा का स्रोत बनी है।
