सीएम तीरथ ने टिहरी में अधिकारियों की ली बैठक, दिए निर्देश।
टिहरी : मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने टिहरी दौरे के दौरान आज जनपद में कोविड की तैयारियों और विकास योजनाओं को लेकर हाइड्रो इंजीनियरिंग काॅलेज भागीरथीपुरम में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा कोविड गाइड लाइन का सख़्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।
सीएम ने पुलिस को गांव-गांव जाने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पुलिसकर्मियों को भेजने व सीएमओ को अटैच किए गए चिकित्सकों को तत्काल उनके मूल स्थानों पर तैनाती देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने जनपद में संचालित कोविड केयर सेंटरों में मानव संसाधन की कमी को पूरा करने के लिए जिलाधिकारी को स्थानीय स्तर से 11 माह की अवधि के लिए नियुक्तियां करने के निर्देश दिए हैं। सीएम तीरथ ने कहा कि कोविड पर कड़ी कार्रवाई से अब स्थितियां सामान्य हो रही है, अब और अधिक सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर सीएम तीरथ ने मानसून के दौरान स्वास्थ्य सुविधा, खाद्यान्न आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
