कैलाश मानसरोवर यात्रा का अंतिम दल पहुंचा टनकपुर, 12 राज्यों के 44 तीर्थयात्री शामिल

कैलाश मानसरोवर यात्रा के आखिरी 44 सदस्यीय दल में 12 राज्यों के 28 पुरुष और 16 महिला तीर्थयात्री शामिल,कल अगले पड़ाव के लिए होंगे रवाना

खटीमा: कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है. रविवार शाम यात्रा का दसवां और अंतिम दल टनकपुर पहुंचा. जहां शारदा पर्यटक आवास गृह में इन 44 तीर्थयात्रियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. देश के 12 राज्यों से पहुंचे इन यात्रियों के स्वागत में टीआरसी कर्मियों, मां पूर्णागिरि पर्यावरण संरक्षण समिति और बच्चों ने कोई कसर नहीं छोड़ी. बुरांश और माल्टा के वेलकम ड्रिंक से हुए स्वागत से तीर्थयात्री भी अभिभूत नजर आए. सोमवार सुबह अंतिम दल के टनकपुर से रवाना होते ही कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 का यात्रा सत्र भी संपन्न हो जाएगा.

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 का इस साल का आखिरी यानी दसवां दल रविवार 9 अगस्त की की शाम चंपावत जिले के टनकपुर पहुंचा. 44 सदस्यीय इस दल में देश के 12 राज्यों से आए 28 पुरुष और 16 महिला तीर्थयात्री शामिल हैं. टीआरसी प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि अंतिम दल में बिहार से 1, दिल्ली से 4गुजरात से 10जम्मू कश्मीर से 1झारखंड से 2मध्य प्रदेश से 2महाराष्ट्र से 4राजस्थान से 5तमिलनाडु से 2उत्तर प्रदेश से 11उत्तराखंड से 1 और पश्चिम बंगाल से 1 तीर्थयात्री शामिल हैं. इस दल में सबसे ज्यादा 11 तीर्थयात्री उत्तर प्रदेश से हैं.

हर आयु वर्ग के तीर्थयात्री शामिल: इस दल में शामिल हर आयु वर्ग के तीर्थयात्री शामिल हैं. तीर्थयात्री इस दल की सबसे कम उम्र 21 वर्षीय जय रघुवीर भाई डांगर गुजरात से है. जबकि, राजस्थान के 67 वर्षीय पुरुष तीर्थयात्री आलोक कुमार सबसे अधिक उम्र के यात्री शामिल हैं. अलग-अलग राज्यों से आए यात्रियों के पहुंचने पर टनकपुर में उनका पारंपरिक और भव्य स्वागत किया गया. रविवार को टनकपुर पहुंचने के बाद तीर्थयात्री शारदा पर्यटक आवास गृह में रात्रि विश्राम करेंगे. इसके बाद सोमवार सुबह दल को अगले पड़ाव के लिए रवाना किया जाएगा.

कैलाश मानसरोवर यात्रा के इस अंतिम दल के टनकपुर पहुंचने के साथ ही साल 2026 की यात्रा के तहत यहां आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वागत का सिलसिला भी पूरा हो चुका है. पूरे यात्रा सत्र के दौरान टनकपुर पर्यटक आवास गृह ने कैलाश मानसरोवर यात्रियों के स्वागत, ठहराव और विदाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. सभी कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्री अपने भव्य स्वागत से अभिभूत दिखे.

क्या बोले कैलाश तीर्थयात्री? कृष्ण कुमार चतुर्वेदी, गौरव महाजन, सुरेखा जोशी, श्रावणी निंदेवकर समेत अन्य तीर्थयात्रियों का कहना था कि, ‘हमारा सौभाग्य है कि हमें उत्तराखंड के रास्ते मानसरोवर जाने का मौका मिला है. हम लोग बेहद रोमांचित है. टनकपुर पहुंचने तक जिस तरह की यात्रा सुविधा एवं अभिनंदन कार्यक्रम हुए, वो शानदार था. इसके केंद्र और राज्य सरकार का आभार जताते हैं.’

गौर हो कि कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के पहले दल को बीती 5 जुलाई को टनकपुर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रवाना किया था. जिसमें 49 तीर्थयात्री शामिल थे. वहीं, सोमवार को अंतिम दल यानी दसवें जत्थे के टनकपुर से रवाना होने के साथ ही इस साल की यात्रा की समाप्ति हो जाएगी.

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल