सीवेज का संकट 24 परिवारों के घरों में घुसा गंदा पानी, बच्चों का निकलना भी हुआ मुश्किल।

मसूरी : मसूरी नगर पालिका के वार्ड नंबर सात में हीरा भवन व सम्राट होअल के पास सीवेज की समस्या ने करीब 24 परिवारों का जीवन मुश्किल कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि पिछले 24 घंटे से होटलों का सीवेज खुले में बह रहा है। सीवर पाइपलाइन फटने और ओवरफ्लो होने से गंदा पानी और मल-मूत्र लोगों के घरों में घुस रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वे पिछले करीब एक साल से इस समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। पालिका सभासद अमित भटट ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर सीवेज की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय निवासियों के साथ शहीद भगत सिंह चौक बैरियर पर जल संस्थान व जल निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
सभासद अमित भटट ने बताया कि समस्या की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। कई स्थानीय निवासी अपने व्यवसाय तक नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों को गंदे पानी से बचने के लिए पैरों में पॉलिथीन बांधकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। वहीं, अभिभावक जोखिम उठाकर पुस्ते के रास्ते बच्चों को स्कूल छोड़ने को मजबूर हैं। घरों के आसपास फैल रही गंदगी से लोगों को संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी सता रहा है।
मामले को लेकर स्थानीय सभासद अमित भट्ट ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग पिछले छह महीने से लगातार जल संस्थान के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में सीवेज व्यवस्था सुधारने के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन वह निरस्त हो गया और इसके बाद आगे की कार्रवाई की जानकारी तक स्थानीय लोगों को नहीं मिली। पिछले 8 महीने से ज्यादा समय से हीराभवन, राम भवन व क्लिफ कॉटेज के स्थानीय निवासियों द्वारा जल निगम को यह सीवर लाइन दुरुस्त करने अथवा नई लाइन डालने का आग्रह किया जा रहा है। वहीं निवासियों को गंभीर बीमारी एवं बच्चों को संक्रमण होने का खतरा बना हुआ है स्कूल के बच्चों एवं जॉब करने वाले लोगों को जूते में प्लास्टिक बांधकर आना-जाना करना पड़ रहा है।

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल