बप्पी लाहिड़ी के निधन पर मसूरी के संगीत प्रेमियों में भी शोक।
मसूरी : देश में डिस्को संगीत को जन जन में लोकप्रिय बनाने वाले देश के महान संगीतकार व गीतकार बप्पी लाहिड़ी का आकस्मिक निधन होने से संगीत प्रेमियों को गहरा आघात लगा है। उनके निधन से मसूरी वासियों में भी शोक की लहर छा गई है।
अस्सी व नब्बे के दशक में उन्होंने डिस्को संगीत को आम जन तक पहुंचाया व उसके बाद वह इतना चला कि पूरा देश उनके गानों का दीवाना हो गया। संगीतकार और गायक बप्पी लाहिड़ी का मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में 69 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार सुनकर देश भर के संगीत प्रेमियों में शोक छा गया। उनका मसूरी से भी नाता रहा है तथा उन्होंने वर्ष 2007 में मसूरी में आयोजित शरदोत्सव में अपने बैंड के साथ प्रस्तुति दी थी। तब उनके गाने को सुनने के लिए सिर्ल्वटन ग्राउड में भारी भीड़ एकत्र हो गई थी। उस समय नगर पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल थे। जानकारी देते हुए व्यापार संघ के अध्यक्ष व संगीत प्रेमी रजत अग्रवाल ने बताया कि बप्पी लाहिड़ी की नाइट देखने सुनने के लिए बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों का जमावडा लग गया था। उन्हें तब जेपी होटल में ठहराया गया था व उनके साथ उनकी बेटी व तत्कालीन इंडियन आइडियल की रनरअप मौली भी आयी थी व उन्होंने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा था। उन्होंने संस्मरण सुनाते हुए कहा कि उस समय जब वह होटल से चैक आउट करने लगे तो होटल का बिल नगर पालिका के न दिए जाने पर उन्हें बिल जमा करने तक रिसेप्शन में बैठना पड़ा था जब नगर पालिका ने बिल जमा करवाया तभी वह होटल से चैक आउट हुए थे। उन्होंने कहा कि तब उन्होंने होटल में उनके साथ भारतीय संगीत पर चर्चा भी की थी। उन्होंने कहा कि वह बहुत धीरे बोलते थे व धीरे ही चलते भी थे। उन्होंने मसूरी में तम्मा तम्मा व आई एम ए डिस्को डांसर गाना जब सुनाया तो श्रोता थिरकने लगे थे।
