मसूरी – Rotary ने आपदा प्रबंधन पर किया गोष्ठी का आयोजन।
मसूरी : रोटरी क्लब मसूरी ने आपदा पर महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कालेज के सभागार में गोष्ठी आयोजित की जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पूर्व महानिदेशक कोस्ट गार्ड व नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथरिटी के सदस्य राजेंद्र सिंह ने कहा कि आपदा से निपटने के लिए सरकार के आपदा प्रबंधन संस्थानों के साथ ही सामाज की भागीदारी जरूरी है।
गोष्ठी में बोलते हुए मुख्य अतिथि राजेंद्र सिंह ने कहा कि भारत ऐसा देश है जहां किसी न किसी क्षेत्र में किसी न किसी प्रकार की आपदा आती रहती है। जिससे बचाव के लिए सरकार के आपदा प्रबंधन संस्थान प्रयास करते हैं लेकिन जब तक समाज की भागीदारी नहीं होगी तब तक यह पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। वहीं इस दिशा में जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सामाजिक संगठनों के साथ ही विद्यालयों सहित अन्य संस्थाओं को आगे आना होगा व वालियंटर्स तैयार करने होंगे। उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए भारत सरकार लगातार नई तकनीकि का विकास कर रही है व विदेशों से उच्च तकनीकि हासिल कर रही है। जिसका समय समय पर प्रयोग किया गया जिससे जानमाल के नुकसान में काफी कमी आयी है। उन्होंने कहा कि भारत में बाढ, भूस्खलन, अतिवृष्टि, तूफान, सुनामी, सहित कई प्रकार की आपदाएं आती रहती हैं वहीं गत वर्ष कोरोना की आपदा भी आयी। ऐसे में सभी आपदाओं से निपटने के लिए सरकार के स्तर पर अलग अलग प्रयास किए जाते हैं व किए जा रहे है। भविष्य में ऐसी तकनीकि लाई जा रही है कि आपदा से पहले किसी क्षेत्र में आपदा आयेगी उसका पता चल जायेगा व उससे निपटने की पहले से ही तैयारी की जा सकती है। इससे जानमाल के होने वाले नुकसान से बचा जा सकेगा। इससे पूर्व रोटरी अध्यक्ष व पूर्व महानिरीक्षक बीएसएफ मनोरंजन त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया व आपदा प्रबंधन गोष्ठी के बारे में बताया कि इसका उददेश्य समाज को जागरूक करना है। गोष्ठी के अंत में मौजूद लोगों ने मुख्य अतिथि से सवाल भी पूछे जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर देकर लोगों की जिज्ञासा को शांत किया। कार्यक्रम समापन पर मनमोहन कर्णवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दीपक गुप्ता, विनेष संघल, शैलेंद्र कर्णवाल, आरएन भार्गव इंटर कालेज के प्रधानाचार्य अनुज तायल, रश्मि कर्णवाल, प्रधानाचार्या मसूरी गर्ल्स इंटर कालेज अनीता डबराल, अर्जुन कैतुरा, संजय अग्रवाल, अजय भार्गव, नितीश मोहन अग्रवाल, नूपुर कैंतुरा, प्रधानाचार्य शिशु मंदिर मनोज रयाल, सहित सनातन, मसूरी गर्ल्स, निर्मला इंटर कालेज, आरएन भार्गव इंटर कालेज, सरस्वती शिशु विद्यामंदिर, उप जिला चिकित्सालय प्रभारी डा. आलोक जैन, कम्युनिटी अस्पताल के चिकित्सक डा. जार्ज, सुरेश अग्रवाल, सहित आईटीबीपी के जवान मौजूद रहे।
