मसूरी – भारी बारिश के कारण मकान ढहा, एक महिला घायल।
मसूरी : विगत रात्रि को हुई मूसलाधार बारिश के कारण बारह कैंची रोड पर एक मकान का पुस्ता ढह गया जिसमें घर के अंदर कपड़ेे धो रही महिला घायल हो गई जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया। लेकिन अगर घर के अन्य सदस्य घर पर होते तो बड़ी घटना हो सकती थी।
कुलड़ी किंक्रेग संपर्क बाहर कैची मार्ग पर प्रातः दस बजे के करीब रात को हुई भारी बारिश के कारण मकान का पुश्ता ढह गया। पुश्ता ढहने के साथ मकान भी पुश्ते के साथ ढह गया जिस पर घर के अंदर कपड़े धो रही नेपाली मूल की महिला निर्मला देवी पत्नी खंडक बहादुर भी इसकी चपेट में आ गई लेकिन उसे मामूली चोंटे आयी जिस पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया जहां उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नायब तहसीलदार भोपाल सिंह चौहान ने बताया कि प्रातः सूचना मिली कि बारह कैंची रोड के पास एक मकान का पुस्ता ढह गया व वह टीम के साथ मौके पर पहुंचें व घटना का निरीक्षण किया और घायल महिला को उप जिला चिकित्सालय उपचार के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि शीघ्र पीड़ित परिवारं को राहत राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। घटना की जानकारी देते हुए घायल महिला निर्मला देवी ने बताया कि सुबह के समय वह कपड़े धो रही थी कि उसी समय पुस्ता भरभरा कर गिर गया जिससे उसके पैर में चोट आई। उन्होंने कहा कि यदि रात का समय होता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती क्योंकि वहां पर परिवार के लोग रात को सोते हैं लेकिन जब पुश्ते के साथ मकान ढहा उस समय घर में वह अकेली थी उनका पति काम पर गया था व बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। उन्होंने कहा कि उनका कीमती सामान और कपड़े आदि का नुकसान हुआ है।
