मसूरी – गोवर्धन पर्व पर मंदिरों में अन्नकूट भंडारे का किया गया आयोजन।
मसूरी : गोवर्धन व गौ माता की पूजा के बाद सनातन धर्म मंदिर लंढौर सहित राधाकृष्ण मंदिर कुलड़ी व लक्ष्मी नारायण मंदिर लाइब्रेरी में अन्नकूट के तहत भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य कमाया।
गोवर्धन पर्व पर पहाड़ों की रानी मसूरी में गौ पूजन किया व गोवर्धन पूजन के पश्चात अन्नकूट का भंडारा आयोजित किया गया। इस मौके पर सनातन धर्म मंदिर के संरक्षक राकेश अग्रवाल ने बताया कि आज के दिन भगवान कृष्ण ने जल प्रलय के दौरान गोवर्धन पर्वत को उठा कर वृंदावन निवासियों को बचाया था। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म मंदिर की स्थापना के 142 वर्ष हो गये हैं और तब से लगातार गोवर्धन के मौके पर अन्नकुूट में भंडारे का आयोजन किया जाता है। वर्ष भर धार्मिक गतिविधियों के बाद वर्ष के अंत में अन्नकूट के मौके पर भंडारे का आयोजन किया जाता है। यह परंपरा लगातार चल रही है कोरोना काल में भी भंडारा नहीं रूका। कोरोना के समय प्रसाद वितरित किया गया ताकि पंरपरा बनी रहे। उन्होंने कहा कि यह भूमि भगवान कृष्ण व गौ वंश की भूमि है उसका उतना ही महत्व है जो भगवान कृष्ण के समय था। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि गोवर्धन के उपलक्ष में प्रतिवर्ष अन्नकूट के भंडारे का आयोजन किया जाता है जिसमें आस पास के गांव के लोगों के साथ स्थानीय लोग भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते हैं जो लोग घर से नहीं आ पाते उन्हें घर के लिए भोजन दिया जाता है। इस पर्व पर लोग बड़े उत्साह से प्रतिभाग करते है।
इस मौके पर राधाकृष्ण मंदिर कुलड़ी व लक्ष्मी नारायण मंदिर लाइब्रेरी में भी भंडारे का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर सनातन धर्म मंदिर सभा के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, नगर पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता, नीरज अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु व मंदिर समिति के लोग मौजूद रहे।
