भव्य होगा राज्य स्थापना दिवस – जिलाधिकारी।
अरविन्द थपलियाल
उत्तरकाशी : आगामी 9 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी आभिषेक रुहेला की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में राज्य स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाये जाने के उपलक्ष्य में रूपरेखा तैयार की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही शहिद के परिजनों को जिला मुख्यालय एवं तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर आठ नवम्बर को शहर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर बृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले के समस्त सरकारी/ गैर सरकारी विद्यालयों में ध्वजारोहण, प्रभातफेरी,निबंध प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया जाए। युवा कल्याण एवं खेल विभाग को क्रॉस कंट्री दौड़ (महिला-पुरुष वर्ग) प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग को तहसील स्तर पर किसानों को बीज आवंटित करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की जानकारी तहसील स्तर पर दिए जाने के निर्देश दिए। वन विभाग को बृहद स्तर पर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि सरकारी भवनों में 8 नवम्बर से सायं 6 बजे से सुबह 6 बजे तक मध्यम लाइट के साथ कार्यालय प्रकाशमान करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर राज्य स्थापना दिवस की समुचित तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पण यधुवंशी,मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार,जिला विकास अधिकारी के.के.पन्त, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।
