जेल परिसर में हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे बदमाश, पुलिस के हत्थे चढ़े 3 शातिर

हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने जेल परिसर में हत्या के प्रयास को नाकाम किया.

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में जेल परिसर के पास बड़ी वारदात की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया. बाजपुर से हल्द्वानी जेल आए एक व्यक्ति का पीछा कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. CCTV फुटेज और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई. गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी सामने आई है. पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

हल्द्वानी में जेल परिसर के पास एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया. पुलिस की सतर्कता और CCTV कैमरों की फुटेज के बारीकी से किए गए विश्लेषण के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामला 24 अगस्त का है, जब बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू अपने एक मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल पहुंचा था. आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और उनका एक अन्य साथी सिल्वर रंग की वरना कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे.

पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा किया और उसे जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पास अवैध हथियार होने की आशंका है. मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 अगस्त को थाना हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 290/2026 दर्ज किया गया. इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 351(2)(3) के तहत कार्रवाई शुरू की गई.

SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए. इसके बाद एसपी नैनीताल मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी करने के साथ ही CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और 25 अगस्त को तीनों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों में बाजपुर के बेरिया दौलत निवासी 24 वर्षीय सौरभ बावा, दोराहा निवासी 24 वर्षीय मानव वाट और केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी निवासी 25 वर्षीय गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी से जुड़े मुकदमे दर्ज बताए गए हैं.

नैनीताल पुलिस संगीन और संगठित अपराधों के साथ-साथ आपराधिक गैंग पर लगातार नजर रख रही है. जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी है.
-डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी-

वहीं मानव वाट के खिलाफ भी हत्या के साथ मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामले दर्ज हैं. आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह को पुलिस ने 24 अगस्त को ही अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया था. पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से जेल परिसर जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया. तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

मारपीट और अराजकता फैलाने पर युवकों पर एक्शन: हल्द्वानी में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. हीरानगर में पर्वतीय उत्थान मंच के पास झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से छह युवकों को गिरफ्तार किया. पुलिस के समझाने के बावजूद आरोपी अराजकता करते रहे. शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सभी के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 172(2) के तहत कार्रवाई की है.

Spread the love

सोशल मीडिया वायरल